गोंडा। मतदान ड्यूटी पर जाते समय पीठासीन अधिकारी की रविवार सुबह गोड़वाघाट के पास तबीयत बिगड़ गई। फोन पर सूचना मिली तो पत्नी ने उन्हें सीएचसी पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने हार्ट अटैक से मौत होने की बात कही है।
हरदोई के सदर थाना क्षेत्र के कुतवापुर गांव निवासी विजय कुमार वर्मा (37) की वर्ष 2014 में जिले के झंझरी ब्लॉक में मृतक आश्रित कोटे से सहायक समाज कल्याण अधिकारी के पद पर नियुक्ति हुई थी। वर्तमान समय में वह पंड़री ब्लॉक में तैनात थे। विजय बेलसर ब्लॉक के सरकारी आवास में पत्नी रिश्ता व बेटी इशिता के साथ रहते थे। विजय की पत्नी रिश्ता ने बताया कि पति का गोंडा शहर के हार्ट स्पेशलिस्ट डॉ. जीके सिंह से इलाज चल रहा था। शनिवार को उनकी तबीयत खराब होने पर डॉ. जीके सिंह के यहां से दवा लेकर आए थे, सुधार भी हुआ था।
रिश्ता के मुताबिक रविवार सुबह विजय बाइक से चुनाव ड्यूटी के लिए जा रहे थे। रास्ते में गोड़वाघाट के पास उनकी तबीयत बिगड़ गई। किसी ने फोन करके बताया कि विजय की तबीयत खराब हो गई है, वह सड़क किनारे लेटे हैं। रिश्ता ने बताया कि वह निजी गाड़ी से गोड़वाघाट पहुंचीं और पति को सीएचसी बेलसर ले गईं। जहां इलाज के दौरान विजय ने दम तोड़ दिया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. सतपाल सोनकर ने बताया कि विजय की मौत हार्ट अटैक से हुई है।
सहायक समाज कल्याण अधिकारी विजय कुमार की मौत की सूचना उनके पैतृक गांव हरदोई के थाना सदर क्षेत्र के कुतवापुर पहुंची तो छोटा भाई अजय कुमार वर्मा मां लौंगश्री को साथ लेकर देर शाम बेलसर पहुंचा। विजय का शव देख दोनों बिलख पड़े। पत्नी रिश्ता व बेटी इशिता का भी रो-रोकर बुरा हाल है।