गोंडा। जिले की तीन नगर पालिकाओं व चार नगर पंचायतों में सोमवार को जनसुनवाई का आयोजन किया गया। नगर पालिका परिषद गोंडा में अधिशासी अधिकारी ने संजय मिश्र से फरियादियों की शिकायतें सुनीं। जन सुनवाई के दौरान नगर पालिका परिषदों व नगर पंचायतों में साफ-सफाई व बिजली समस्या की दस शिकायतें आईं। सभी शिकायतों को निस्तारण कर दिया गया।
शहर के इमामबाड़ा मोहल्ला निवासी नाजिम अली ने अधिशासी अधिकारी को बताया कि उसके घर के सामने नाली में काफी समय से सिल्ट जमा है। गर्मी के कारण नाली से दुर्गन्ध आती है। सफाई न होने से बीमारी फैलने की आशंका है। आवास विकास कॉलोनी के रहने वाले निहाल ने शिकायत दर्ज कराई कि उसके घर के आसपास कूड़े का ढेर लगा है। इससे पहले भी उन्होंने शिकायत की थी। मगर अभी तक कूड़ा नहीं हटाया गया। अधिशासी अधिकारी ने मौके पर टीम भेजकर समस्याओं को निस्तारण करा दिया। जनसुनवाई के दौरान प्रधान लिपिक राहुल आनंद, फराज खां समेत अन्य मौजूद रहे।
नगर पालिका परिषद नवाबगंज में सायरा बानो ने दाखिल खारिज कराने, नगर पालिका परिषद करनैलगंज में जमील ने बमपुलुस में शौचालय के पास साफ सफाई कराने, नूर मोहम्मद और सद्दाम ने सकरौरा बिलाल मस्जिद के पास नाली की सफाई कराने, सूरज ने बालकरामपुरवा में नाली की सफाई कराने को लेकर शिकायत दर्ज कराई। नगर पंचायत परसपुर में राकेश कुमार शुक्ल और अशोक कुमार सिंह ने अवैध कब्जा हटवाने व पदमेश कुमार दूबे ने शौचालय न होने से परेशानी की शिकायत की है। नगर पंचायत कटरा बाजार, मनकापुर व खरगूपुर में एक भी शिकायत नहीं आई।
जिले की बेलसर, तरबगंज व धानेपुर नगर पंचायतों के गठन के तीन माह बीतने को हैं। मगर यहां अभी तक जनसुनवाई नहीं शुरू हो सकी है। इससे इन नगर पंचायतों की समस्या सुनने वाला कोई नहीं है। नई नगर पंचायत होने के कारण यहां नाली, सड़क, बिजली समेत तमाम समस्याएं हैं। जिससे यहां के लोग जूझ रहे हैं।