पंचायत चुनाव के चौथे चरण में तरबगंज तहसील क्षेत्र में शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए जिला प्रशासन ने गड़बड़ी करने वालों के लिए लक्ष्मण रेखा खींच दी है। पंचायत चुनाव में उम्मीदवारों व मतदाताओं को डराने धमकाने वाले चिन्हित लोगों पर अधिकारियों व पुलिस टीमों की निगहबानी रहेगी। मतदान के दौरान कहीं गड़बड़ी न हो सके, इसके लिए क्षेत्र के 15 दबंगों को मतदान करने के बाद अलग-अलग थानों में नजरबंद रखा जाएगा।
जिला प्रशासन ने चौथे चरण के पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण माहौल में कराने को लेकर तैयारी पूरी कर ली है। तरबगंज तहसील क्षेत्र के चार ब्लॉकों में 330 मतदान केंद्र व 922 मतदान स्थल बनाए गए हैं।
पूरे चुनाव क्षेत्र को नौ जोन व 73 सेक्टरों में बांटा गया है। चुनाव तैयारियों की जानकारी देने के दौरान मंगलवार को जिला अधिकारी अजय कुमार उपाध्याय ने बताया कि नौ जोनल व 73 जोनल मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। नौ सुपर जोनल मजिस्ट्रेट लगाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि 56 अति संवेदनशील प्लस बूथों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। किसी भी ब्लॉक या क्षेत्र में कोई गड़बड़ी न हो या कहीं हो तो उसकी फौरन जानकारी मिल सके, इसके लिए ब्लॉकवार स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है, ताकि कुल मतदान होने की हर एक घंटे की जानकारी मिल सके।
सुरक्षा निगरानी के लिए 47 मोबाइल टीमों के अलावा 47 कलस्टर मोबाइल टीमें लगाई गई हैं।
तरबगंज क्षेत्र में पंचायत चुनाव में हिंसा होने की संभावनाओं को ध्यान में रखकर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये हैं।
इस बाबत मंगलवार को पुलिस कप्तान अनिल कुमार ने बताया कि 12 सेंसिटिव माने जाने वाले बूथों पर निगरानी के लिए पैरामिलेट्री फोर्स को लगाया गया है। बड़े बूथों पर पोलिंग स्थलों पर सुरक्षा कर्मी छतों से गड़बड़ी करने वालों पर नजर रखेंगे।
एसपी ने बताया कि थोड़ी-थोड़ी देर में 4 से 6 बूथों पर टीम पहुंचती रहे, इसके लिए 47 कलस्टर मोबाइल टीमें लगाई गई हैं। 18 बैरियर लगाए गए हैं, ताकि क्षेत्र में फर्जी तरीके से वाहन न घूम सकें।
सुरक्षा की दृष्टि से चार थाना क्षेत्र में एक-एक अतिरिक्तत थानाध्यक्षों को लगाया गया है। किसी भी तरह के बवाल से निपटने के लिए ब्लॉकों में टियर गैस टीम व दमकल दस्ता मौजूद रहेगा।
ये रहेंगी बंदिशें
* सुरक्षा प्राप्त माननीय चुनाव में रखेंगे मर्यादित आचरण।
* सुरक्षा कर्मी माननीयों के साथ बूथ पर नहीं जाएंगे।
* उम्मीदवार केवल एक वाहन से ही चल सकेंगे ।
* मतदान अभिकर्ता नहीं रख सकेंगे मोबाइल ।
* अधिक समय तक बूथ पर नही रुकेंगे उम्मीदवार ।
* माननीय व प्रभावशाली लोग मतदान के बाद बूथ या आसपास क्षेत्र में सभा लगा कर बैठक नही कर सकेंगे।