गोंडा। बरसात के बाद उमस भरी गर्मी में अघोषित बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। गांवों में हर रोज करीब दस घंटे तक बिजली कटौती की जा रही है।
शासन की ओर से जिला मुख्यालय पर 24 घंटे, तहसील मुख्यालय पर 22 घंटे तथा गांवों में 18 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति करने का आदेश है। मगर गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली की आंखमिचौली बढ़ गई है। शनिवार को कई ग्रामीण क्षेत्रों में दस घंटे तक बिजली गुल रही। इटियाथोक, खरगूपुर, मेहनौन, मनकापुर, परसपुर, करनैलगंज, बेलसर, तरबगंज आदि स्थानों पर दिन में कई घंटे तक बिजली गुल रही। घारीघाट व रेहरा बाजार विद्युत उपकेंद्र के क्षेत्रों में सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
अवर अभियंता धनंजीव कुमार ने बताया कि कार्यदायी संस्था की ओर से 132 केवी मनकापुर घारीघाट व रेहरा बाजार पारेषण लाइन के बीच तार खींचने का काम किया गया है। इसी के चलते बिजली आपूर्ति बंद की गई थी। अधीक्षण अभियंता रामनरेश सरोज ने बताया कि कई स्थानों पर मरम्मत कार्य के चलते आपूर्ति बाधित रही। जल्द ही सुचारू रूप से आपूर्ति शुरू हो जाएगी।