गोंडा। उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के डिक्सिर के वैश्या पुरवा में हुए बृजेश सिंह हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को अलीगढ़ से सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड व कार बरामद हुई है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसकी ससुराल वालों से बृजेश ने अभद्रता की थी, इसी का बदला लेने के लिए उसने वारदात को अंजाम दिया था। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
उमरी बेगमगंज के डिक्सिर गांव की ग्राम प्रधान विनय सिंह के प्रतिनिधि रामभान सिंह के चचेरे भाई बृजेश सिंह (30) की छह सितंबर की देर रात घर के बाहर सोते समय हमलावरों ने लोहे के रॉड से हमला करके हत्या कर दी थी। हमलावरों ने प्रधान प्रतिनिधि के छोटे भाई कृष्णभान सिंह (35) को भी लोहे के रॉड से वार करके लहूलुहान कर दिया था। शोर सुनकर कृष्णभान सिंह की मां शैलकुमारी जागकर शोर मचाने लगीं तो हमलावर चौपहिया गाड़ी से भाग गए थे।
मामले में प्रधान प्रतिनिधि रामभान सिंह ने थाना उमरी बेगमगंज में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या व जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हत्याकांड की तफ्तीश में जुटी पुलिस ने सर्विलांस व सीसीटीवी फुटेज से मिले कार नंबर के आधार पर सोमवार को मुख्य आरोपी रोहिताश उर्फ रोहित निवासी फुसावली, थाना बरला, जनपद अलीगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। रोहिताश के पास से हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड व कार बरामद हुई है।
अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि पूछताछ में रोहिताश ने बताया कि बृजेश सिंह ने उसकी ससुराल वालों से भूमि विवाद को लेकर बदसलूकी की थी। इसी वजह से उसने बृजेश की हत्या की है। रोहिताश के ससुराल वाले बृजेश सिंह के ही पट्टीदार हैं। कोर्ट में पेश करके उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस टीम अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।