गोंडा। जिले के 17 थानों में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। आयुक्त देवीपाटन मंडल योगेश्वर नाथ मिश्र ने थाना वजीरगंज पहुंचकर थाना दिवस की हकीकत परखी। उन्होंने शिकायतों का गुणवत्ता पूर्ण व समय से निस्तारण करने के निर्देश दिए। समाधान दिवस में कुल 215 शिकायतें आईं। इनमें से 19 का निस्तारण कर दिया गया।
आयुक्त ने कहा कि समाधान दिवस में अवैध कस्बे की शिकायतें सबसे ज्यादा आ रही हैं। अवैध कब्जेदारों से भूमि खाली कराकर उनके खिलाफ केस दर्ज कराएं।वजीरगंज में राजस्व विभाग से संबंधित कुल 16 शिकायतें आईं। जिनमें तीन शिकायतें मौके पर निस्तारित की गईं। एक शिकायत के निस्तारण के लिए पुलिस व राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर भेजी गई।
नवाबगंज में एसडीएम तरबगंज भारत भार्गव और सीओ तरबगंज संजय तलवार ने समाधान दिवस में शिकायतें सुनीं। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि समाधान दिवस में नई 18 शिकायतें आईं। पुराने 19 मामलों का निस्तारण कर दिया गया, जबकि 18 शिकायतों के निस्तारण के लिए टीम भेजी गई है। इटियाथोक में एसडीएम सदर वीके सिंह व सीओ शिल्पा वर्मा ने समस्याएं सुनीं। अधिकांश प्रार्थना पत्र राजस्व से संबंधित रहे।
धानेपुर में नायब तहसीलदार नेहा राजवंशी व थानाध्यक्ष सत्येंद्र वर्मा ने शिकायतें सुनीं। कुल 16 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से एक का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि समस्त थानों में कुल 215 शिकायतें आईं। जिनमें से 19 का मौके पर निस्तारण कर दिया गया।