राजकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल का निरीक्षण करते सीएमएस डॉ. पीडी गुप्ता। -संवाद
गोंडा। बाबू ईश्वरशरण जिला चिकित्सालय के स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध होने के बाद व्यवस्थाएं बदल गईं हैं। इमरजेंसी से लेकर ओपीडी तक मेडिकल कॉलेज का प्रोटोकॉल लागू कर दिया गया है। अब डॉक्टर हर घंटे मेडिकल स्टाफ से भर्ती मरीजों का हाल जानेंगे। 24 घंटे में कम से कम तीन बार राउंड कर मरीजों का चेकअप करेंगे।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. धनंजय श्रीकांत कोटास्थाने ने मंगलवार को जिला अस्पताल के डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों को नए नियम से अवगत कराया। नई व्यवस्था से कई चिकित्सक और अन्य स्टाफ में ऊहापोह की स्थिति बनी हुई है।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. पीडी गुप्ता ने मंगलवार को परिसर का निरीक्षण कर नई व्यवस्थाओं के बारे में मरीजों से बातचीत की। उन्होंने मेडिकल वार्ड, हड्डी वार्ड, पीआईसीयू सहित सभी ओपीडी का निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था में सुधार व मरीजों को मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश संबंधित सेवा प्रदाता संस्था को दिए। इस दौरान डॉ. कुलदीप पांडेय, डॉ. दीपक सिंह आदि मौजूद रहे।