गोंडा। अधूरी तैयारियों के बीच शनिवार से गेहूं की खरीद शुरू हो गई। खरीद के दूसरे दिन भी बोहनी नहीं हो सकी। केंद्र प्रभारी बैनर टांगकर किसानों के आने का इंतजार करते रहे। अधिकांश केंद्रों पर बैनर तो लटका दिया गया, लेकिन नियमों के तहत व्यवस्थाएं पूरी नहीं की गई। कई केंद्र पर प्रभारी भी नदारद रहे तथा बारदाना, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, गेहूं छानने व नमी मापने की मशीन नहीं दिखाई पड़ी।
क्रय केंद्र मुजेहना के प्रभारी महेंद्र प्रताप सरोज ने बताया कि पहले दिन कोई किसान गेहूं बेचने नहीं आया। बारदाना व कांटा उपलब्ध है। किसानों के बैठने व पेयजल की व्यवस्था भी है। तरबगंज के सेझिया केंद्र पर गेंहू खरीद के लिए तैयारी पूरी है। केंद्र प्रभारी दीपक गौड़ ने बताया कि अभी तक कोई किसान गेहूं बेचने नहीं आया। अगर कोई आता है तो खरीद की जाएगी। मसकनवा स्थित गेंहू क्रय केंद्र पर बारदाना, कांटा व पेयजल की व्यवस्था है। डिप्टी आरएमओ प्रज्ञा मिश्रा के कहा कि सभी केंद्रों पर जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। निरीक्षण कर खरीद की निगरानी की जा रही है। कोई किसान गेहूं बेचने नहीं पहुंचा।
न लक्ष्य निर्धारित न आई क्रय नीति
पांच एजेंसियों के माध्यम से 90 क्रय केंद्र बनाकर समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीद तो शुरू कर दी गई, लेकिन अभी शासन की ओर से खरीद का लक्ष्य निर्धारित नहीं किया गया। विपणन वर्ष 2023-24 के लिए खरीद नीति भी नहीं जारी हुई। पुरानी खरीद नीति के आधार पर गेहूं खरीदने की शुरुआत की गई।