नवाबगंज (गोंडा)। तीन दिन बाद भी पुलिस स्कूल से लापता हुए एक छात्र व दो छात्राओं का कोई सुराग नहीं लगा सकी है। स्कूल की फेयरवेल पार्टी में शामिल होने के लिए सोमवार को स्कूल बस निकले एक ही परिवार के तीन बच्चों के न मिलने से परिवार के लोग सदमे में हैं।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के लोलपुर गांव के शंभूनाथ कनौजिया ने बताया कि उनका बेटा प्रिंस (16) बस्ती के विक्रमजोत में स्थित दुर्गा देवी स्मारक शिक्षण संस्थान कौलपुर विक्रमजोत बस्ती में 10वीं कक्षा का छात्र है। उसी कॉलेज में उसकी चचेरी बहन भूमि (17) पुत्री श्रीकिशन 12वीं कक्षा व प्रीति (16) पुत्री हरिकिशन कनौजिया 11वीं कक्षा की छात्रा है।
तीनों बच्चे सोमवार की सुबह 8.30 बजे स्कूल की फेयरवेल पार्टी में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। तीनों बच्चे स्कूल की बस में सवार होकर स्कूल में पहुंचे थे। स्कूल में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब स्कूल की बस बच्चों को छोड़ने गांव में पहुंची तो तीनों बच्चे नहीं आए थे।
शंभूनाथ कनौजिया ने बताया कि मंगलवार की सुबह वह स्कूल के प्रधानाचार्य सुधीर कुमार त्रिपाठी से भी मिले तो उन्होंने कहा कि बच्चे स्कूल नहीं आए थे।
जबकि साथ के बच्चों से जानकारी मिली कि दोपहर तक तीनों बच्चे स्कूल में मौजूद थे। शंभूनाथ कनौजिया की तहरीर पर पुलिस अपहरण का मुकदमा दर्ज कर बच्चों की खोजबीन में जुटी है।