गोंडा। गर्मी व उमस से जूझ रहे लोगों को बृहस्पतिवार देर रात शुरू हुई बारिश से राहत मिली है। तेज हवा के चलते लोगों को ठंड का अहसास हुआ। बारिश का सिलसिला शुक्रवार को भी पूरे दिन चलता रहा। इससे शहर के कई मोहल्लों में जलभराव हो गया।
बारिश होने से एक तरफ जहां उमस से राहत मिली, वहीं किसानों के चेहरे खिल गए। रामकृपाल, साजन, देवसरन का कहना है कि यह बारिश किसी वरदान से कम नहीं है। किसान तो बारिश के इंतजार में ही बैठे थे। अब बारिश हो गई है तो धान रोपाई शुरू हो गई। दूसरी तरफ लगातार बारिश होने के शहर के पोर्टरगंज में गोंडा-लखनऊ हाईवे पूरी तरह जलमग्न हो गया। जलनिकासी का इंतजाम न होने के कारण लोगों को दिक्कतें हुईं। पंतनगर मोहल्ले में बीएसए कार्यालय के पास भी जलभराव से लोग जूझते दिखे। इसके अलावा आवास विकास कॉलोनी में भी कई जगह जलभराव हो गया है।
इटियाथोक संवाद के अनुसार तपती धूप और उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिल गई है। शुक्रवार सुबह से ही यहां तेज बारिश शुरू हो गई। देर रात से बादल आने के साथ हल्की व रिमझिम फुहारों से मौसम सुहाना हो गया। वहीं शुक्रवार तड़के जोरदार बारिश शुरू हो गई। दोपहर करीब दो बजे तक झमाझम बारिश हुई। इस वजह से मौसम अच्छा हो गया है। इससे तापमान में कमी आई है।