गोंडा। नवाबगंज थाना क्षेत्र के महंगूपुर गांव में मंगलवार सुबह एक नवविवाहिता ने मायके जाने से रोकने पर फंदे से लटककर जान दे दी। नवविवाहिता की मां ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज कराया है।
वजीरगंज के चंदापुर निवासी नाथू ने बताया कि उन्होंने बेटी पूजा (21) की शादी छह माह पूर्व नवाबगंज के महंगूपुर निवासी जगप्रसाद के बेटे अभिषेक के साथ की थी। पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही दामाद दहेज की मांग को लेकर पूजा को पीटता था। अभिषेक के माता-पिता का कहना है कि 25 सितंबर को पूजा के मायके में श्राद्ध है, इसलिए वह मायके जाने के लिए सुबह से ही जिद कर रही थी। इसी बात को लेकर पूजा और अभिषेक के बीच विवाद हुआ था। बताया कि सोमवार रात पूजा ने अपने कमरे में दुपट्टे से फंदा बांधकर फांसी लगा ली।
जगप्रसाद ने बताया कि बहू किसी नंबर पर बात करती थी, जिससे बेटा अभिषेक नाराज रहता था। सप्ताह भर पूर्व किसी से बात करते देख उसने पूजा का मोबाइल तोड़ दिया था। सोमवार को पूजा मायके जाने की जिद पर अड़ी थी। श्राद्ध बुधवार को होने के कारण वह सोमवार को नहीं ले गया था।
कोतवाल निर्भय नारायण सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पूजा की मां सविता की तहरीर पर पति अभिषेक, ससुर जगप्रसाद, सास व जेठानी के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है।