गोंडा। मोतीगंज क्षेत्र के रामपुर गांव में सोमवार देर शाम एक नवविवाहिता का शव ससुराल में फांसी के फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने छानबीन कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मोतीगंज के प्रभारी थानाध्यक्ष सुनील रावत ने बताया कि सोमवार देर शाम सूचना मिली कि रामपुर गांव निवासी प्रमोद कश्यप की पत्नी पूनम (23) ने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है। मौका मुआयना करके शव फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। ससुराल वाले पूनम की खुदकुशी का कोई कारण नहीं बता सके। प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
बस्ती जिले की रहने वाली पूनम एक दिन पहले ही ससुराल आई थी। सऊदी अरब में रहने वाला पति प्रमोद एक सप्ताह पहले ही गांव आया था। पुलिस का कहना है कि प्रकरण में छानबीन की जा रही है।