गोंडा। जिले के बभनजोत विकासखंड में 50 लाख रुपये की लागत से 132 केवीए विद्युत उपकेंद्र घारीघाट को उर्जीकृत किया गया है। इससे 27 हजार उपभोक्ताओं को ब्रेकडाउन से निजात मिलेगी। घारीघाट की नई लाइन से आपूर्ति चालू कर दी गई है।
132 केवीए विद्युत उपकेंद्र घारीघाट से नवनिर्मित 33 केवीए घारीघाट लाइन को रविवार देर शाम अधिशासी अभियंता मनकापुर राहुल बरनवाल और उपखंड अधिकारी आशीष राहुल की उपस्थिति में ऊर्जीकृत किया गया। नियमानुसार लाइन पर लोड देकर नवनिर्मित लाइन से आपूर्ति शुरू कर दी गई। इसी उपकेंद्र से देवरिया मद्दो क्षेत्र की आपूर्ति भी शुरू की गई है। पुरानी 33 केवी घारीघाट लाइन लंबी एवं जर्जर होने के कारण आए दिन ब्रेकडाउन होने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित रहती थी। अब 33 केवी नई लाइन चालू होने से 33/11 केवीए विद्युत उपकेंद्र घारीघाट एवं देवरिया मद्दो के अंतर्गत आने वाले तकरीबन 27000 हजार उपभोक्ताओं को सुचारू रूप से बिजली आपूर्ति मिलेगी। लो वोल्टेज से भी निजात मिलेगी।
अधिशासी अभियंता मनकापुर राहुल बरनवाल ने बताया कि 33 केवीए घारीघाट की नई लाइन 50 लाख रुपये की लागत से तैयार की गई है। 132 केवीए घारीघाट से 33/11 केवीए देवरिया मद्दो के लिए 45 लाख रुपये की लागत से 33 केवीए की नई लाइन निर्माणाधीन है। जिसे एक सप्ताह में चालू कर दिया जाएगा। अभी घारीघाट से ही देवरिया मद्दो की लाइन जोड़कर आपूर्ति की जा रही है।