गोंडा। चैत्र नवरात्र के आठवें दिन देवी मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। भोर सुबह से पूजन-अर्चन का सिलसिला शुरू हो गया। शहर के खैरा भवानी, काली भवानी मंदिर समेत ग्रामीण क्षेत्रों के करीब दो दर्जन देवी मंदिरों में लोगों ने महागौरी की पूजा कर आशीर्वाद मांगा।
शहर के खैरा भवानी में सुबह चार बजे मंदिर का कपाट खुला। आरती के बाद भक्तों ने मां के दर्शन करना शुरू किया। मंदिर के बाहर विशाल हवन-कुंड बनाकर यज्ञ किया गया। कालीभवानी मंदिर में भक्तों ने नारियल चुनरी के साथ प्रसाद चढ़ाकर मन की मुरादें पूरी करने का आशीर्वाद मांगा।
वहीं, उमरी बेगमगंज के बाराही देवी मंदिर, मनकापुर के बानगढ़ देवी मंदिर, मुंगरौल देवी मंदिर, कामिन माता मंदिर सहित दर्जनों मंदिरों में भक्तों का तांता लगा रहा।
खूब बिके खिलौनेखैरा भवानी मंदिर के बाहर दुकानदारों ने खिलौनों की दुकानें लगाई हैं। सोमवार को अष्टमी पर मंदिरों में खूब भीड़ हुई। इस दौरान बच्चों ने गेंद, हाथी, कुत्ता, कार, बिल्ली, ढोलक, डमरु और शेर आदि खिलौने खरीदे। मंदिर परिसर के बाहर प्रसाद की दुकान लगाए दुकानदारों ने मेले में खूब मनमानी की। 20 से 25 रुपये वाला नारियल 30 से 35 रुपये में बिका। खोया कम चीनी ज्यादा वाला प्रसाद दुकानदारों ने 200 रुपये किलो बेचा। दो-तीन रुपये वाली फूलों की पुड़िया भी पांच से आठ रुपये में बिकी।