बलरामपुर में जिला संयुक्त चिकित्सालय में खड़े मृतक सिपाही के परिजन।
बलरामपुर। एसपी आवास पर तैनात सिपाही (संतरी) की सोमवार देर रात गोली लगने से मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक सिपाही ने आत्महत्या की है। बताया जा रहा है कि संतरी माइग्रेन से पीड़ित था और प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था। तनाव के चलते खुद को गोली मारने की बात कही जा रही है। इस हादसे पूरा महकमा सकते में हैं। परिजनों की उपस्थिति में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने बताया कि लखनऊ के विनयखंड गोमतीनगर निवासी 22 वर्षीय अभिषेक यादव वर्ष 2020 बैच के आरक्षी थे। उन्हें बलरामपुर जिले के ललिया थाने में कांस्टेबल के पद पर तैनाती मिली थी। पिछले साल ही वे पुलिस लाइन में लाए गए थे।
सोमवार रात 12 से तीन बजे तक उनकी ड्यूटी एसपी आवास पर लगाई गई थी। रात तीन बजे जब दूसरा संतरी ड्यूटी के लिए पहुंचा तब अभिषेक अपनी कुर्सी पर खून से लथपथ पड़े थे। सिर में गोली लगी हुई थी। जो पार करती हुई छत में जा धंसी थी। सरकारी एसएलआर राइफल उनकी गोद में रखा था।
अभिषेक को संयुक्त जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी तुरंत परिजनों को दी गई। परिजनों के अनुसार उन्हें माइग्रेन की शिकायत थी और हमेशा सिर दर्द से परेशान रहते थे। एसपी ने बताया कि आशंका है कि सिर दर्द से परेशान होकर अभिषेक ने आत्महत्या की हो। मामले की जांच कराई जा रही है।
एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव ने बताया कि वे प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे थे। इसको लेकर भी वे तनाव में रहते थे। देवी पाटन परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक उपेंद्र अग्रवाल ने बताया कि मौके का निरीक्षण किया गया है। प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला लग रहा है।
माइग्रेन की बीमारी के साथ ही प्रतियोगी परीक्षा का तनाव का मामला सामने आ रहा है। हर बिंदु की जांच की जा रही है।