गोंडा। शहर के फोरबिसगंज में शनिवार रात हुई शिक्षक कृष्ण कुमार यादव की हत्या के मामले में सीसीटीवी फुटेज व परिजनों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। मुख्य आरोपी की तलाश में एसओजी समेत पुलिस की तीन टीमें लगाई गईं हैं। डेढ़ लाख रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद की बात सामने आई है, मगर अन्य बिंदुओं पर भी पुलिस पड़ताल कर रही है।
अंबेडकरनगर के जलालपुर थाना क्षेत्र के भष्मा गांव निवासी कृष्ण कुमार यादव इटियाथोक के जनता इंटर कॉलेज में शिक्षक थे। वह शहर में सिविल लाइन के लखनऊ हाइवे से सटे फोरबिसगंज मोहल्ले में किराए के मकान में चचेरे भाई राहुल यादव व छोटी बहन स्वाति यादव के साथ रहते थे। शनिवार रात कृष्ण कुमार के कमरे में दो युवक आए थे। वहां कुछ विवाद होने पर शोर सुनकर मकान के भूतल पर रहने वाली युवती ऊपर गई तो दोनों युवक कमरे से निकलकर भाग गए। युवती की सूचना पर पहुंची पुलिस को कमरे में कृष्ण कुमार का शव मिला था। मृतक के सिर पर चोटों के निशान भी थे।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही परिजनों से पूछताछ की। इससे पता चला कि कृष्ण कुुमार यादव ने अपने दोस्त संदीप यादव निवासी नेवलगंज, नगर कोतवाली व मूल निवासी बंदरहा गांव, मनकापुर से डेढ़ लाख रुपये उधार लिए थे। हालांकि मृतक के छोटे भाई पवन कुमार यादव का कहना है कि कृष्ण कुमार ने संदीप के पैसे लौटा दिए थे। दस या बीस हजार रुपये ही बाकी थे।
मामले में कृष्ण कुुमार के पिता रामकेवल यादव ने नगर कोतवाली में संदीप यादव व उसके एक साथी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मोहल्ले में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इस पर एक मकान के सीसीटीवी में दो संदिग्धों की फुटेज मिल गई। जिसके बाद पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। जबकि मुख्य आरोपी संदीप यादव की तलाश में एसओजी समेत पुलिस की तीन टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
गला दबाकर हत्या की पुष्टि
गोंडा। कृष्ण कुमार की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई है। सिर के पिछले हिस्से में गंभीर चोट के पांच निशान भी मिले हैं। कमरे की दीवार पर भी खून के निशान मिले थे। ऐसे में माना जा रहा है कि आरोपियों ने गला दबाने के साथ ही कृष्ण कुमार का सिर दीवार से कई बार लड़ाया था। इसी के चलते सिर के पिछले हिस्से में चोट आई थी।
मातम में बदलीं शादी की खुशियांमृतक के छोटे भाई पवन कुमार यादव ने बताया कि कृष्ण कुमार की 15 फरवरी को शादी तय थी। परिवार के लोग शादी की तैयारियों में जुटे थे। ऐसे में कृष्ण कुमार की हत्या से न सिर्फ परिवार में कोहराम मच गया बल्कि रिश्तेदार व परिचिति भी स्तब्ध हैं।
अन्य बिंदुओं पर भी पुलिस की नजर
गोंडा। लेनदेन के विवाद के साथ ही पुलिस व एसओजी अन्य बिंदुओं पर भी पड़ताल कर रही है। कृष्ण कुमार की बहन स्वाति परसरपुर के धर्मनगर प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापिका हैं व एक बहन पुलिस महकमे में उपनिरीक्षक है। वह जौनपुर में तैनात है। वहीं, आरोपी संदीप यादव की पत्नी भी परसपुर में शिक्षिका है। मृतक व आरोपी का एक-दूसरे के यहां आना-जाना भी था। इसके चलते पुलिस अन्य पहलुओं पर भी पड़ताल कर रही है।
शिक्षक हत्याकांड में एसओजी समेत पुलिस की तीन टीमें लगाई गई हैं। अब तक की तफ्तीश में हत्या के पीछे रुपये के लेनदेन की बात सामने आई है। पूरे मामले की पड़ताल की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-शिवराज प्रजापति, अपर पुलिस अधीक्षक