गोंडा स्थित कार्यालय में बैठक करतीं सीएमओ।
गोंडा। खुले में बॉयोमेडिकल वेस्ट फेंकने पर सीएमओ ने सख्ती के निर्देश दिए हैं। कहा कि 83 अस्पताल व पैथॉलाजी सेंटरों को नोटिस देकर अस्पताली कचरा निस्तारण करने की व्यवस्था करने को कहा है। सोमवार से अभियान चलाकर छापा मारा जाएगा। निरीक्षण के दौरान पहली बार पकड़े जाने पर पांच हजार रुपया जुर्माना लगाया जाएगा। तीसरी बार निस्तारण की उचित व्यवस्था न होने पर एक लाख रुपया जुर्माना व संबंधित संस्थान का लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा।
सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने शुक्रवार को स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान बॉयोमेडिकल वेस्ट निस्तारण का उचित प्रबंधन न करने वाले अस्पतालों के खिलाफ अभियान चलाने की रुपरेखा तैयार किया। इसके लिए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) से भी सहयोग मांगा है।
कहा कि जो अस्पताल संचालक आईएमए के सदस्य हैं, उन्हें संगठन की ओर से बॉयोमेडिकल वेस्ट निस्तारण की उचित व्यवस्था करने की हिदायत संगठन को भी देनी चाहिए। अस्पताली कचरा समाज के लिए बहुत घातक हो सकता है। बैठक में एसीएमओ डॉ. जय गोविंद, डॉ. आदित्य वर्मा, डॉ. टीपी जायसवाल आदि रहे।