विश्नोहरपुर में सांसद करण भूषण सिंह को ज्ञापन सौंपते शिक्षक। स्रोत: संगठन
गोंडा। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष आनंद कुमार त्रिपाठी व जिला मंत्री विजय नारायण पांडेय की अगुवाई में रविवार को शिक्षकों ने कैसरगंज सांसद करण भूषण सिंह से नवाबगंज के विश्नोहरपुर स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। शिक्षकों ने सांसद से कहा कि एक सितंबर 2025 को सुप्रीम कोर्ट ने वर्ष 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को भी शिक्षक पात्रता परीक्षा उत्तीर्ण करने का आदेश जारी किया है। शिक्षकों ने सांसद करण भूषण सिंह को पत्र सौंपकर प्रधानमंत्री एवं शिक्षामंत्री से अधिनियम में संशोधन कराकर वर्षों से शिक्षण कार्य कर रहे अनुभवी शिक्षकों के भविष्य को सुरक्षित करने की मांग की। सांसद ने इस बाबत प्रधानमंत्री को पत्र लिखा और शिक्षकों की मांगों को पुरजोर तरीके से उठाने का भरोसा दिया है। प्रतिनिधिमंडल में राजेंद्र प्रकाश तिवारी, इंद्र प्रताप सिंह, वीरेंद्र कुमार त्रिपाठी समेत अन्य मौजूद रहे। (संवाद)