विकास भवन में लाभार्थी को ट्रैक्टर की चाभी सौंपते सीडीओ संजीव कुमार मौर्य।-संवाद
बलरामपुर। मिलेट्स महोत्सव एवं आत्मा योजना के तहत बुधवार को विकास भवन में जिला स्तरीय खरीफ गोष्ठी एवं कृषि निवेश मेले का आयोजन किया गया। किसानों को नवीनतम तकनीकी से खेती करने का तरीका बताते हुए मोटे अनाज एवं हरी सब्जी की खेती के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर किसानों को सरकार की योजनाओं के बारे में जानकारी भी दी गई।
मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने दीप जलाकर मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन करते हुए केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। मेले में मत्स्य, पशुपालन, रेशम, उद्यान, गन्ना, इफ्को, लघुसिंचाई, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पंचायतीराज, खाद्य एवं रसद तथा बेसिक शिक्षा आदि विभागों द्वारा स्टॉल लगाया गया था। सीडीओ संजीव कुमार मौर्य ने गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि आत्मा योजना उन किसानों के लिए है जो आज भी पारंपरिक खेती पर आश्रित हैं। इस योजना से किसानों को आधुनिक यंत्रों तथा नवीनतम तकनीक का प्रशिक्षण दिया जाता है, ताकि वह इसका प्रयोग करके कम लागत में अधिक लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने किसानों को मोटे अनाज व हरी सब्जी की खेती करने के लिए प्रेरित भी किया।
कृषि योजना के तहत ग्राम पंचायत बांसेडीला के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि मुकेश कुमार को सीडीओ ने ट्रैक्टर की चाबी प्रदान की गई। गोष्ठी में कृषि से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी। किसानों को आधुनिक ढंग से खेती करके अधिक उपज पैदा करने के लिए जागरूक भी किया। गोष्ठी का संचालन कृषि सलाहकार डॉ. एकेएम त्रिपाठी ने किया। गोष्ठी में पीडी सीपी श्रीवास्तव, डीडीओ गिरीश चंद्र पाठक, उपनिदेशक कृषि नरेंद्र देव, जिला कृषि अधिकारी आरपी राना व जिला गन्ना अधिकारी आरएस कुशवाहा सहित तमाम किसान मौजूद रहे।