धान खरीद में अनियमितता पर मंत्री नाराज
तौल में कटौती की शिकायत पर केंद्र संचालक को लगाई फटकार
फोटो-13
नवाबगंज (गोंडा)। प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री ने शनिवार को कस्बे के मंडी समिति में खाद्य एवं रसद विभाग के द्वारा खोले गए धान क्रय केन्द्र का औचक निरीक्षण किया। इस मौके पर किसानों ने धान खरीदे जाने में अनियमितता बताई। जिस पर मंत्री ने तौल कांटे से लेकर धान खरीद रजिस्टर, धान मूल्य तथा किसानों से धान कटौती के बारे में जानकारी की। जिस पर बैजलपुर गांव निवासी राहुल पांडेय, बहादुरा गांव के किशन ने केंद्र प्रभारी राम उजागिर चौरसिया द्वारा प्रति क्विंटल की तौल में दस किलोग्राम की कटौती किए जाने की बात कही। मंत्री ने केंद्र संचालक को कड़ी फटकार लगाई। जिस पर केंद्र प्रभारी ने कहा कि किसी किसान से कोई कटौती नहीं की गई है। लेकिन मौके पर मौजूद किसानों ने कटौती किए जाने की शिकायत की। मंत्री ने दुबारा कोई शिकायत न मिलने कि हिदायत देकर कहा कि हमारे गृह क्षेत्र का केंद्र होने के कारण एक बार छोड़ रहा हूं, दुबारा ऐसी शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। मंत्री के निरीक्षण के दौरान पीआरओ वेद प्रकाश दूबे, जनार्दन तिवारी, गिंडू सिंह, हर्ष वर्धन पांडेय, राहुल तिवारी, थाना प्रभारी राजेश सिंह सहित तमाम लोग मौजूद रहे।