लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ देवा के परिजन। -संवाद
- फोटो : GONDA
गोंडा। पुलिस हिरासत में हुई संविदा लाइनमैन देव नरायन यादव उर्फ देवा की मौत के मामले में परिजनों ने बुधवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की। सपा मुखिया ने परिजनों की पीड़ा को सुनकर न्याय का भरोसा दिया। साथ ही दो लाख रुपये की आर्थिक मदद मुहैया कराई। वहीं, घर आने की भी बात कही।
बीते दिनों नवाबगंज थाना क्षेत्र के माझाराठ गांव निवासी लाइनमैन देवनरायन यादव उर्फ देवा की पुलिस हिरासत में मौत हो गई थी। देवा के पिता रामबचन यादव ने नवाबगंज के प्रभारी निरीक्षक समेत अन्य पुलिस कर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। यही नहीं, मंगलवार को विधानसभा में भी यह मामला गूंजा था।
बुधवार को लखनऊ में देवा के पिता रामबचन व सेना में तैनात भाई रामनरायन यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी पीड़ा बताई। सपा मुखिया ने न सिर्फ परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया, बल्कि दो लाख रुपये की सहायता राशि भी दी। कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ितों के साथ है। देवा के परिवार को न्याय दिलाया जाएगा। सपा नेता सूरज सिंह ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री ने देवा के घर आने का भी आश्वासन दिया है। देवा के भाई रामनरायन यादव ने कहा कि आरोपी पुलिसकर्मियों की जल्द गिरफ्तारी कराए जाने की मांग की। सपा प्रमुख से मिलने वालों में दुर्गागंज माझा के प्रधान राधेश्याम यादव, सपा नेता दिनेश यादव सहित अन्य मौजूद रहे। संवाद