गोंडा। खोड़ारे थाना क्षेत्र के मुड़िला गांव में मंगलवार देर रात संदिग्ध हालात में एक विवाहिता की मौत हो गई। विवाहिता के भाई ने बहन की सास व ननद पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गोबिनापुर गांव निवासी विनोद कुमार ने थाने पर तहरीर देकर बताया कि उसने अपनी बहन कांति देवी (32) की शादी 10 वर्ष पूर्व मुड़िला गांव के तुलसीराम से की थी। कांति के दो बेटियां हैं। मौजूदा समय में कांति का पति तुलसीराम रोजी-रोटी के लिए बाहर रह रहा है। विनोद के मुताबिक मंगलवार देर रात कांति की मौत की सूचना पर वह उसकी ससुराल पहुंचा तो चारपाई पर शव पड़ा मिला। कांति के गले में रस्सी का निशान था। ससुराल वाले घर से भाग गए थे। घर में सिर्फ दोनों भांजियां थीं। बड़ी भांजी शीतल (8) ने बताया कि दादी व बुआ ने मिलकर मम्मी को मार डाला है। इंस्पेक्टर विद्यासागर पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगी।