गोंडा। नवाबगंज क्षेत्र में गर्भवती विवाहिता सोमवार सुबह घर के एक कमरे में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। परिजना उसे फंदे से उतारकर सीएचसी ले गए। जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में विवाहिता ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना नवाबगंज क्षेत्र के कल्यानपुर पंडितपुरवा गांव की रहने वाली पूनम देवी (21) सोमवार सुबह दस बजे अपने घर के एक कमरे में फांसी के फंदे पर लटकी मिली। बताया जा रहा है कि परिवार के लोग फंदे से उतारकर उसे सीएचसी नवाबगंज ले गए। जहां से नाजुक हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में पूनम की मौत हो गई।
पूनम के भाई सोनू कुमार निवासी शेखपुर, नवाबगंज ने बताया कि उसने बहन की शादी दिसंबर 2022 में सुनील से की थी। पूनम चार माह की गर्भवती थी। इसके बावजूद सुनील अक्सर उसे पीटता था। सोनू का आरोप है कि ससुराल वालों ने पूनम को पीटकर फंदे पर लटकाया है।
प्रभारी निरीक्षक करुणाकर पांडेय ने बताया कि पति समेत तीन लोगों के खिलाफ तहरीर मिली है। मामले में रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन करके जरूरी कार्रवाई की जाएगी।