गोंडा। धानेपुर थाना क्षेत्र के त्रिभुवन नगर ग्रंट शुकुल गांव की रहने वाली विवाहिता की मौत फेफड़े की बीमारी से हुई थी। विवाहिता की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है।
गांव निवासी चंद्रपाल मिश्र की पत्नी मधु (30) का शव 12 जून की दोपहर घर में संदिग्ध हालात में चारपाई पर पड़ा मिला था। इटियाथोक थाना क्षेत्र के पारासराय कुलमन पुरवा निवासी मधु के भाई सुरेंद्र मिश्र की सूचना पर सीओ सदर शिल्पा वर्मा समेत थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की थी। मधु के भाई सुरेंद्र ने पुलिस को तहरीर दी थी। जिसमें कहा कि पति चंद्रपाल समेत ससुराल वाले मधु को पीटते थे। सुरेंद्र ने पति समेत ससुराल वालों पर मधु की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया था।
थानाध्यक्ष सुनील सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फेफड़े की बीमारी से मौत होने की पुष्टि हुई है। तहरीर के आधार पर जांच में मायके वालों का आरोप निराधार पाया गया।