गोंडा। वजीरगंज थाना क्षेत्र के कादीपुर निवासी मनोज तिवारी ने थाने पर तहरीर देकर कहा कि वह शनिवार को पत्नी व बच्चों के साथ अयोध्या से बाइक से घर आ रहा था। शाम साढ़े सात बजे कोड़र चौराहा के पास पीछे से बाइक से आए एक बदमाश ने बगल में आकर असलहा दिखाते हुए कहा- रुक जाओ नहीं तो गोली मार दूंगा। मनोज ने बाइक की स्पीड कम कर दी। तभी बदमाश उसकी पत्नी के हाथ से बैग छीनकर भाग गया। मनोज ने पत्नी व बच्चों को वहीं उतार दिया और बाइक से बदमाश का पीछा किया। मंझारा घृखनपुरवा टपरा के पास बदमाश सड़क किनारे बाइक खड़ी करके गन्ने के खेत में भाग गया। मनोज के मुताबिक पत्नी के बैग में एक मोबाइल फोन और तीन हजार रुपये थे।
थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि छिनैती की सूचना मिली तो वह उसी मार्ग पर गश्त कर रहे थे। घेराबंदी कर कुछ देर में ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से मनोज की पत्नी का बैग, तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है। पकड़े गए प्रमोद दूबे निवासी हाथी दूबे पुरवा, थाना वजीरगंज के विरुद्ध छिनैती, माल बरामदगी सहित आर्म्स एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।