गोंडा। तीन साल पहले नगर कोतवाली क्षेत्र में दोहरे प्रेम प्रसंग में एक युवक की हत्या कर शव छिपाने के मामले में मंगलवार को न्यायालय ने फैसला सुनाया। दोषी प्रेमिका को आजीवन कारावास और 28 हजार रुपये जुर्माने से दंडित किया गया है। इससे पहले 13 फरवरी 2023 को अदालत ने प्रेमिका के दूसरे प्रेमी समेत तीन अभियुक्तों को उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता फौजदारी अभिनव चतुर्वेदी ने बताया कि शहर के अफीम कोठी निवासी सुरेश साहू ने तीन दिसंबर जून 2019 को नगर कोतवाली में तहरीर दी थी। इसमें कहा कि उसके अविवाहित बड़े भाई रमेश गुप्ता 25 नवंबर 2019 की रात घर से निकलने के बाद लापता हो गए थे। दो दिसंबर 2019 को अफीम कोठी के पीछे झाड़ी में पुराने कुएं से उनकी लाश मिली है। सुरेश को पता चला कि अफीम कोठी के पास रहने वाली मानसी चौरसिया से रमेश का प्रेम प्रसंग था। इसके चलते मानसी के परिवार वाले रमेश से रंजिश रखते थे। इसी के चलते मानसी के पिता रोहित व भाई दीपू और मानसी के साथी अंकित सिंह निवासी रानीपुरवा जानकी नगर ने रमेश की हत्या कर शव कुएं में फेंक दिया है।
विवेचना के दौरान आरोपी अंकित सिंह ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि रमेश व मानसी साथ-साथ रहते थे। बाद में उसके भी मानसी से संबंध हो गए थे। मगर तब भी रमेश का मानसी के घर आना-जाना जारी था। इसी के चलते मानसी से फोन कराकर रमेश को घर बुलाय और शराब पिलाने के बाद मुंह दबाकर हत्या करके शव कुएं में फेंक दिया। हत्या के पुख्ता साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने मानसी, उसके पिता रोहित, भाई दीपू व प्रेमी अंकित के खिलाफ न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया। सुनवाई के दौरान मानसी चौरसिया ने खुद को नाबालिग घोषित करने का आवेदन किया तो न्यायालय ने उसकी पत्रावली अलग कर 21 मई 2022 को अग्रिम कार्यवाही के लिए किशोर न्याय बोर्ड भेज दी।
ट्रायल के दौरान 13 फरवरी 2023 को अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय ने दोषी अभियुक्त दीपू, रोहित व अंकित सिंह को हत्या के अपराध में सश्रम आजीवन कारावास की सजा से दंडित किया। बाद में घटना के समय मानसी की उम्र 18 साल से अधिक पाए जाने पर किशोर न्याय बोर्ड ने उसे वयस्क घोषित करते हुए 22 फरवरी 2023 को पत्रावली विचारण के लिए न्यायालय में वापस भेज दी।
ट्रायल के दौरान अदालत ने मानसी चौरसिया को दोषसिद्ध करार दिया। मंगलवार को अपर सत्र न्यायाधीश द्वितीय डाॅ. दीनानाथ तृतीय ने मानसी चौरसिया को सश्रम आजीवन कारावास और 28 हजार रुपये जुर्माने से दंडित किया।