गोंडा। जिले में दो दिन से लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। जिला मुख्यालय से लेकर मनकापुर कोतवाली, सीएचसी के अलावा घरों में पानी भर गया। नवाबगंज के एक प्राथमिक विद्यालय में प्लास्टर गिरने से हादसा होने से बचा। दतौली चीनी मिल की बाउंड्रीवाल धराशायी हो गयी। गनीमत रही कि आसपास कोई मौजूद नहीं था।
नवाबगंज संवाद के अनुसार, कस्बे के कन्या इंटर कॉलेज परिसर में प्राथमिक विद्यालय संचालित हो रहा है। शुक्रवार सुबह आठ बजे बच्चे विद्यालय पहुंचे थे। प्रार्थना के समय बरामदे का प्लास्टर टूटकर गिर पड़ा। हालांकि आसपास कोई बच्चा मौजूद नहीं था। शिक्षिका साधना मिश्रा ने बताया कि विद्यालय में कुल 63 बच्चे मौजूद थे। बीएसए अतुल तिवारी व बीईओ चंद्रभूषण पांडेय को जानकारी दी गई है।
मनकापुर संवाद के अनुसार, दतौली चीनी मिल की चारदीवारी भारी बारिश के चलते गिर गई। इस दौरान आसपास कोई मौजूद नहीं था। इसके अलावा मनकापुर कोतवाली, सीएचसी के अलावा घरों में पानी घुस गया।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को बारिश जारी रहेगी। मगर सोमवार से मानसून की प्रवणता में थोड़ी नरमी के आसार हैं। ऐसे में लगातार हो रही तेज बारिश कुछ कम होगी। मगर रुक-रुककर बारिश जारी रहेगी।
नगर विकास निदेशालय के अपर निदेशक डॉ. असलम अंसारी ने शनिवार को नगर पालिका गोंडा और करनैलगंज क्षेत्र का भ्रमण कर समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। ईओ संजय मिश्र का कहना है कि शहर में समस्याओं के बाबत समाधान कराया जा रहा है। जलनिकासी के समुचित इंतजाम किए जा रहे हैं। वहीं, अपर निदेशक अगले दो दिन तक बलरामपुर, श्रावस्ती व बहराइच का भ्रमण करेंगे।