गोंडा। जिलाधिकारी के निर्देश पर कृषि विभाग की टीमों ने जिले में अभियान चलाकर 45 उर्वरक की दुकानों का निरीक्षण किया। उर्वरकों के 24 नमूूने लेकर जांच को भेज दिया गया। वहीं रख रखाव व स्टाक रजिस्टर में गड़बड़ी मिलने पर दो दुकानों का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया तथा दो दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस दी गई। जिला कृषि अधिकारी जेपी यादव की अगुवाई में टीम ने सदर तहसील एवं मनकापुर तहसील में निरीक्षण किया गया।
उप कृषि निदेशक पीके ठाकुर की अगुवाई में टीम ने करनैलगंज तहसील व उपसंभागीय कृषि प्रसार अधिकारी शिवशंकर चौधरी की अगुवाई में तरबगंज तहसील में निरीक्षण किया गया। जिला कृषि अधिकारी जेपी यादव ने बताया कि रख रखाव व स्टाक में गड़बड़ी मिलने पर भरीवा चौराहा स्थित वर्मा खाद भंडार व पिपरा भिटौरा स्थित काशीराम वर्मा खाद भंडार की दुकान का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। वहीं वजीरगंज के भारती खाद भंडार व भरीवा चौराहा स्थित राजेश कुमार वर्मा खाद भंडार के संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।