गोंडा। श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज में अस्थायी रूप से चल रहे चार व्यवसायिक पाठ्यक्रमों को स्थायी संबद्धता मिली है। शैक्षिक सत्र 2021-22 से संचालित बीएसए, बीसीए, बीए गृहविज्ञान, बीए शारीरिक शिक्षा की पढ़ाई हो रही है। काॅलेज में उपलब्ध संसाधनों से पढ़ाई से अच्छे परिणाम आने पर डॉ. राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय ने स्थायी संबद्धता प्रदान की है।
काॅलेज के प्राचार्य प्रो. रविंद्र कुमार ने विश्वविद्यालय के कुलपति व कुलसचिव को संबद्धता प्रदान किए जाने पर धन्यवाद देते हुए कहा कि इससे अब छात्रों को पढ़ाई की सुविधा मिल सकेगी। संबद्धता के लिए कॉलेज प्रबंध समिति के अध्यक्ष जिलाधिकारी नेहा शर्मा, उपाध्यक्ष वर्षा सिंह एवं सचिव उमेश शाह ने प्रयास किए। महाविद्यालय के मुख्य नियंता प्रो. आरबीएस बघेल, विभागाध्यक्ष भौतिकी समन्वयक नई शिक्षा नीति प्रो. जितेंद्र सिंह, समन्वयक आरएस सिंह, परीक्षा प्रभारी प्रो. राव, प्रो. शिव शरण शुक्ला ने बैठक कर संबद्धता के बाद पढ़ाई आदि के प्रबंध पर चर्चा की।
दीक्षारंभ कार्यक्रम में नए छात्राओं को बताए अनुशासन का महत्व
श्री लाल बहादुर शास्त्री डिग्री कॉलेज में नव प्रवेशित छात्राओं को दीक्षारंभ कार्यक्रम से अनुशासन का पाठ पढ़ाया जा रहा है। मंगलवार को प्रो. अभय कुमार श्रीवास्तव, अर्थशास्त्र विभाग ने जीवन में प्रगति के लिए छात्र-छात्राओं को अनुशासन का महत्त्व समझाया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में कई सर्टिफिकेट कोर्स भी चलाए जाते हैं। छात्र उनमें दाखिला लेकर अपने भविष्य को संवार सकते हैं। एनएसएस, एनसीसी, रेडक्रॉस, रोवर्स-रेंजर्स और खेलकूद प्रतियोगिताओं में प्रतिभागिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. रवींद्र कुमार ने छात्रों को शिक्षा के लिए प्रेरित किया।