गोंडा। मंडल मुख्यालय पर खराब विद्युत व्यवस्था और अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ अधिवक्ताओं ने विरोध का बिगुल बजा दिया है। बुधवार को अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से विरत रहकर आक्रोश जताया।
बार एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बृजेश कुमार मिश्र की अध्यक्षता में बुधवार को हुई बैठक में वकीलों ने शहर में बिजली की अव्यवस्था और कटौती पर आक्रोश जताया। वकीलों ने कहा कि एक ओर जहां भीषण गर्मी से जनमानस व अधिवक्ता परेशान हैं तो वहीं बदहाल विद्युत व्यवस्था को दुरुस्त करने में विभाग अक्षम साबित हो रहा है। विद्युत व्यवस्था में सुधार के बजाय सरकार की ओर से विद्युत मूल्य में वृद्धि का प्रस्ताव न्यायोचित नहीं है। इससे अधिवक्ताओं में आक्रोश है। बैठक का संचालन बार एसोसिएशन के महामंत्री जगन्नाथ प्रसाद शुक्ल ने किया। इस मौके पर रमेश चंद्र गुप्ता, अभिषेक मिश्र, संतोषी लाल तिवारी, भगौती प्रसाद पांडेय, मनोज श्रीवास्तव, विनय मिश्र, शशांक तिवारी, संतोष कुमार मौर्य आदि मौजूद रहे।