वजीरगंज के पूरेडाढ़ू रामपुर गांव में पति किरन महाराज के साथ पहुंचीं ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न निवा
डुमरियाडीह (गोंडा)। आस्ट्रेलिया के मेलबर्न निवासी ज्योति अपने पति किरन महाराज के साथ पूर्वजों की जन्मभूमि को प्रणाम करने के लिए शुक्रवार को वजीरगंज ब्लॉक के ग्राम पंचायत पूरेडाढू के रामपुर पहुंचीं। ज्योति के परबाबा रामरुचि 1893 में कलकत्ता में नौकरी के दौरान पुजारी बनकर दक्षिण अफ्रीका के जोहान्सबर्ग चले गए थे। जहां से वह ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न जाकर बस गए। चार वर्ष पहले ज्योति के पिता रूपलाल महाराज अपनी पत्नी रेनुका के साथ पूर्वजों की खोज में अपनी जन्मभूमि पहुंचे थे और गांव के पारिवारिक सदस्यों से मुलाकात की थी। अब उनकी पुत्री ज्योति पति के साथ रामलला के दर्शन करने अयोध्या आईं तो उनके पिता ने इसकी सूचना पूरेडाढू के पारिवारिक सदस्य हरीश तिवारी को दी। हरीश ने बताया कि वह प्रधान प्रतिनिधि भानु तिवारी के साथ अयोध्या हवाई अड्डे पर गए। ज्योति और उनके पति की अगुवानी की। रामलला के दर्शन के बाद वह सभी गांव आए। परिवार व गांव के लोगों ने उनका स्वागत कर वस्त्र आदि भेंट किया। हरीश तिवारी ने बताया कि ज्योति रिश्ते में उनकी बुआ हैं। इस नाते गांव में उनका मायका है। गांव में घूम-टहलकर ज्योति पति के साथ आस्ट्रेलिया लौट गईं।