गोंडा। क्रिकेट विश्वकप के फाइनल मैच में रविवार को दोपहर डेढ़ बजे से भारत और आस्ट्रेलिया विश्वविजेता बनने के लिए भिड़ेंगे। इस महामुकाबले के पहले ही जिले में क्रिकेट प्रेमियों ने अपने अपने तरीके से जश्न व मैच देखने की तैयारी पूरी कर ली है।
मैच के पहले दर्शकों ने रोहित शर्मा, विराट कोहली, मो. शमी आदि खिलाड़ियों के नंबर वाली जर्सी खरीद ली है। मुख्यालय के दु:खहरणनाथ मंदिर, हनुमानगढ़ी, खैरा भवानी मंदिर, बालाजी सरकार मंदिर पूरे ललक में रविवार सुबह पूजन-अर्चन की तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। रविवार को मुकाबला होने की वजह से शहरवासियों ने अपने सारे कार्यक्रम स्थगित कर इस महामुकाबले के पल-पल रोमांच को देखने के लिए खास इंतजाम किये गये हैं।
जिला मुख्यालय के विभिन्न होटलों व रेस्टोरेंट संचालकों ने भी बड़ी स्क्रीन लगाकर अपने मेहमान ग्राहकों को लजीज व्यंजनों के साथ-साथ लाइव मैच दिखाने की व्यवस्था की है। रेस्टोरेंट संचालक और समाजवादी व्यापार सभा के जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने कहा कि भारत और आस्ट्रेलिया का मैच बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है। राॅविन ठक्कुर ने बताया कि आंबेडकर चौराहे के पास हमारे प्रतिष्ठान में भी मैच देखने की व्यवस्था की गई है।