गोंडा। उत्तर प्रदेश पुलिस की विंग यूपी 112 में तैनात दरोगा अपनी दूसरी पत्नी शकीना को किराये के मकान में छोड़कर 15 दिन से कहीं अलग रह रहा है। उसकी बीमार पत्नी ने एसपी को शिकायती पत्र देकर पति की करतूत बताई है। शकीना का कहना है कि पति अपने नौकर के साथ मिलकर उन्हें पीटता है और कई दिन से घर ही नहीं आ रहा है।
शकीना ने बताया कि महराजगंज जिले के रहने वाले दरोगा ने बीते 30 मई 2023 को उनके साथ निकाह किया था। उसकी पहली पत्नी का निधन साल 2020 में हो गया था, उसके कोई बेटा नहीं था। निकाह के बाद वह दरोगा के साथ ही रह रही है लेकिन अभी तक उसने अपनी सर्विस बुक में उनका नाम दर्ज नहीं कराया। वह अपने साथ देवरिया के रहने वाले नौकर को रखता है। शकीना का आरोप है कि पति अपने नौकर के साथ मिलकर उनकी पिटाई करता है। जान से मारने की धमकी देता है। 15 दिन से वह नौकर के साथ कहीं अलग रह रहा है। पीड़िता ने एसपी से कार्रवाई की मांग की है। एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि प्रार्थनापत्र मिला है। शिकायत की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।