गोंडा। गोरखपुर में डॉ. अनुज सरकारी पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में रविवार को आईएमए (इंडियन मेडिकल एसोसिएशन) के पदाधिकारियों की आपात बैठक आयोजित की गई। इसमें आईएमए के अध्यक्ष डॉ. एसके मिश्र ने कहा कि डॉक्टरों पर लगातार हो रहे हमले से चिकित्सा जगत में भय व्याप्त है। दूसरों की जान बचाने वाले डॉक्टर खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। गोरखपुर में एक सिपाही ने डॉ. अनुज सरकारी के चैंबर में घुसकर हथौड़े से उनका सिर फोड़ दिया। आरोपी सिपाही की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी। आईएमए के सचिव डॉ. डीके राव ने कहा कि डॉक्टरों की सुरक्षा के लिए सरकार को विशेष प्रावधान करने चाहिए। यदि आरोपी की गिरफ्तारी न हुई तो आईएमए हड़ताल करने पर मजबूर होगा। इस दौरान डॉ. ओएन पांडेय, डॉ. रेनू अग्रवाल, डॉ. किरन राव, डॉ. अंजू अग्रवाल, डॉ. ऊषा अग्रवाल, डॉ. रजनी मिश्रा, डॉ. मनोज सिन्हा, डॉ. रंजना मोर, डॉ. विजय मलिक आदि मौजूद रहे।