गोंडा। जिले में खनन माफिया ने भाजपा विधायक के गांव तक को नहीं छोड़ा। करनैलगंज के भाजपा विधायक अजय सिंह के गांव कंडरू में तालाब से अवैध खनन रोकने पर जेसीबी मालिक समेत 20-25 अन्य लोगों ने लेखपाल को जेसीबी चढ़ाकर मार डालने की धमकी दी। जेसीबी मालिक, जेसीबी समेत पांच ट्रैक्टर ट्रॉली लेकर चला गया। लेखपाल ने जेसीबी मालिक समेत 20 अन्य पर मुकदमा दर्ज कराया है।
कंडरू के लेखपाल नीरज कुमार यादव ने बताया कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान ग्राम कंडरू में कुछ लोग जेसीबी से मिट्टी खुदाई कर ट्राॅली से ले जा रहे थे। जेसीबी चालक से खोदाई संबंधी कागजात मांगने पर उसके पास कोई अभिलेख उपलब्ध नहीं था। खोदाई रुकवाकर थाना प्रभारी को सूचना दी। इसी बीच आरोपी जेसीबी मालिक 20-25 लोगों के साथ आया और अभद्रता करते हुए मौके पर खड़ी जेसीबी व पांच ट्रैक्टर-ट्राॅली जबरन लेकर चला गया। जांच में पाया गया कि गांव में स्थित एक तालाब से मिट्टी खोदी गई है। जेसीबी रोकने का प्रयास करने पर दबंगों ने धमकाते हुए कहा कि हट जाओ नहीं तो जेसीबी चढ़ाकर मार डालेंगे। प्रभारी निरीक्षक रणविजय सिंह ने बताया कि लेखपाल की तहरीर पर ग्राम बिहुरी निवासी जेसीबी मालिक राकेश व 20-25 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।