गोंडा। लगातार वजन बढ़े और सुस्ती बनी रहे तो इसे हल्के में न लें। यह थायराइड के लक्षण हो सकते हैं। इसके अलावा महिलाओं में मासिक धर्म की अनियमितता, अवसाद व ऊंचा सुनने की समस्या होने पर जांच अवश्य कराएं। ये बातें शनिवार को विश्व थायराइड दिवस पर महाराजा देवीबख्श सिंह राज्य मेडिकल कॉलेज में आयोजित गोष्ठी में डॉ. अरुण मिश्र ने कहीं। उन्होंने कहा कि करीब 50 साल की उम्र आते-आते 10 फीसदी महिलाएं तथा 65 साल की आयु तक पहुंचते ही 10 प्रतिशत पुरुष थायराइड का शिकार हो जाते हैं। थायराइड से महिलाओं का वजन अचानक बढ़ने लगता है। साथ ही सुस्ती बनी रहती है। डॉ. अतुल मिश्र ने कहा कि थायराइड की टी-4 तथा टीएचएस जांच कराई जाती है।