गोंडा। शासन के सख्त निर्देशों के बावजूद जिले में विद्युत व्यवस्था सुधर नहीं रही है। बेलसर में हाईटेंशन लाइन टूटकर गिर गई तो इटियाथोक में एलटी लाइन टूटने से बिजली गुल हो गई। वहीं, वजीरगंज के विद्युत उपकेंद्र मोहनपुर में अवर अभियंता की तैनाती नहीं हो सकी है। लगातार जर्जर व्यवस्थाओं से उपभोक्ता परेशान हैं। इसके बावजूद कोई समाधान नहीं किया जा रहा है।
तेज आंधी के साथ शुक्रवार रात हुई बरसात से शुक्लगंज उपकेंद्र की 33 केवीए लाइन पर पेड़ की डाल गिरने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। शुक्लगंज उपकेंद्र से बेलसर टाउन, मंगुरा, उमरी बेगमगंज, डेहरास फीडर की आपूर्ति होती है। ऐसे में इन सभी इलाकों में पूरी रात बिजली आपूर्ति ठप रही। अवर अभियंता आमोद कुमार सिंह ने बताया उमरी बेगमगंज में 11 हजार व मेन लाइन 33 केवीए पर पेड़ गिरने से आपूर्ति ठप हुई थी। सुबह लाइन दुरुस्त कराई गई।
वहीं, शुक्रवार रात आठ बजे एलटी लाइन का तार टूटने से इटियाथोक टाउन की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। बलरामपुर फीडर से जुड़े गांवों और टाउन की आपूर्ति पूरी तरह बंद है। शुक्रवार रात एक बजे जब आपूर्ति बहाल हुई तो चार सौ केवीए ट्रांसफार्मर के पास ओवरलोड की वजह से ब्लास्ट होने से आपूर्ति बंद हो गई। रातभर टाउन के उपभोक्ताओं को बिजली नहीं मिली। स्थानीय निवासी संतोष कुमार जायसवाल, सोनू मिश्र, राकेश यादव, सोनू चौरसिया ने बताया कि कई दिन से लोकल फाल्ट की वजह से रात में आपूर्ति बंद हो जा रही है। अवर अभियंता अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि इटियाथोक टाउन में ओवरलोड की समस्या दूर करने के लिए सौ-सौ केवीए के चार ट्रांसफार्मरों की शिफ्टिंग कराई जा रही है। शीघ्र ही उपभोक्ताओं को निर्बाध रूप से आपूर्ति मिलनी शुरू हो जाएगी।