बिना एचएसआरपी लगी पुलिस की गाड़ी।
गोंडा। जिले में बिना हाईसिक्योरिटी नंबर प्लेट के 200 से अधिक सरकारी वाहन सड़कों पर दौड़ रहे हैं। खास बात यह है कि ये अफसर दूसरों को कानून का पालन करने की सीख देते हैं, मगर उनकी गाड़ी बिना एचएसआरपी के फर्राटा भरती दिखाई पड़ रही है।
जिले में चालान से बचने के लिए 1,32, 018 वाहन मालिकों ने अपने वाहनों पर एचएसआरपी लगवा ली। संभागीय परिवहन विभाग में पंजीकृत पांच लाख 54 हजार 143 वाहनों में चार लाख वाहन मालिकों ने एचएसआरपी नहीं लगवाई है।
इनमें 200 से अधिकारी सरकारी वाहन भी बिना एचएसआरपी के दौड़ रहे हैं। इनमें दूसरों को कानून का पालन कराने वाले अफसरों के वाहन भी हैं। अफसरों के वाहन चालान करने की संभागीय परिवहन विभाग के अधिकारी हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।
अधीनस्थ ही नहीं आला हाकिम भी तोड़ रहे नियम
जिले में परिवहन नियमों का पालन कराने के निर्देश देने वाले अधिकारी ही नियमों को तोड़ रहे हैं। यहां अधीनस्थ ही नहीं आला हाकिम की गाड़ी में भी हाई सिक्योरिटी नंबर नहीं है। संभागीय परिवहन विभाग के अधिकारी भी उनसे एचएसआरपी लगवाने के लिए कहने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।
तीन दिन में किया 24 चालान, वसूले 1,20000
प्रभारी सहायक संभागीय अधिकारी (प्रवर्तन) शैलेंद्र तिवारी ने बताया कि पिछले तीन दिनों में चेकिंग के दौरान हाई सिक्योरिटी नंबर न मिलने पर 24 वाहनों का चालान कर 1 लाख 20 हजार रुपये का जुर्माना किया गया है। बताया कि 1 जनवरी से लेकर अब तक कुल 60 चालान किया गया है। वाहन चालकों से तीन लाख जुर्माना वसूला गया है।