गोंडा में जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती मरीज। -संवाद
- फोटो : GONDA
गोंडा। जिले में डेंगू का प्रकोप थम नहीं रहा है। मंगलवार को तीन मरीजों की डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इसके साथ ही डेंगू संक्रमितों की संख्या बढ़कर 140 हो गई।
जिला अस्पताल में बने डेंगू वार्ड में 10 मरीजों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में सर्दी जुकाम व बुखार के मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। सीएचसी स्तर पर जांच न हो पाने से उनमें डेंगू की पुष्टि नहीं हो पा रही है।
जिलाधिकारी ने डेंगू को लेकर सीएमओ को निगरानी तेज करने का निर्देश दिया है। कहा कि सीएमओ हर रोज सभी स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षकों से ऑनलाइन मीटिंग कर व्यवस्थाओं का जायजा लें।
बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सीएम को लिखा पत्र
परसपुर (गोंडा)। नगर पंचायत परसपुर में तेजी से फैल रहे डेंगू के प्रकोप को लेकर परसपुर विकास मंच के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की मांग की है।
मंच के अध्यक्ष अरुण सिंह ने बताया कि नगर पंचायत समेत पूरे जिले में डेंगू का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। बड़ी संख्या में बीमार पड़ने के साथ लोगों की मौत हो रही है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से बचाव के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति ही की जा रही है। सरकारी अस्पताल में न जांच हो पाती है, न ही दवाएं मिल पा रही हैं। मांग करने वालों में राम मनोहर तिवारी, हर्षित सिंह राकेश कुमार शुक्ल आदि रहे।