फोटो-13 गोंडा के महिला अस्पताल में प्रसूता आरती मिश्रा। -संवाद
- फोटो : GONDA
गोंडा। बेटे की चाहत में एक पति की हैवानियत का मामला सामने आया है। तीसरी बेटी पैदा होने पर गुस्साए पति ने अस्पताल में ही प्रसूता पत्नी की चप्पल-जूतों से पिटाई कर दी। इसके बाद तीनों बेटियों के साथ पत्नी को छोड़नेे की धमकी देकर ससुराली जन अस्पताल से चले गए। पुलिस पर कार्रवाई न किए जाने का आरोप लगाया जा रहा है।
मोतीगंज थाना क्षेत्र के हींगाजोत निवासी आरती मिश्रा ने तीसरी बेटी पैदा होने से गुस्साए पति पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। आरती ने बताया उसकी शादी सात साल पहले लवकेश शुक्ल से हुई थी। शादी के दूसरे वर्ष पहली बेटी का जन्म हुआ जिस पर ससुराल वाले नाराज रहने लगे। शादी के तीसरे वर्ष एक और बेटी के जन्म से पति व ससुराल वालों की नाराजगी बढ़ती गई।
आरती ने बताया कि 22 जुलाई को जिला महिला अस्पताल में सीजेरियन प्रसव से तीसरी बेटी पैदा हुई तो ससुराल वाले उसे अस्पताल में अकेले छोड़कर चले गए। रिश्तेदारों की दखल से पति व ससुराल वाले अस्पताल आए, लेकिन रिश्तेदारों के जाने के बाद फिर झगड़ा करने लगे। आरोप है कि पति लवकेश अस्पताल के वार्ड में ही उसे बेड से नीचे उतारकर मारने-पीटने लगा।
मौके पर मौजूद सास व ससुर बचाने के बजाय बेटे का ही सहयोग करने लगे। अन्य मरीजों के तीमारदारों ने किसी तरह बचाया। महिला के मामा व चाचा को फोन कर बुलाया। आरती के मामा ने सूचना डायल 112 को दी गई। आरोपी पति को पुलिस साथ ले गई, लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई न कर शांतिभंग की धारा में चालान कर दिया।नगर कोतवाल पंकज सिंह ने कहा कि आपसी विवाद था। कोई तहरीर नहीं मिली है। (संवाद)