गोंडा। गलन भरी हवाओं से लोग लोग कांप उठे। ठंड के कारण प्रशासन ने स्कूल का समय बदलकर सुबह 10 बजे से साढ़े तीन बजे किया है। शहर में आंबेडकर चौराहे, पुलिस अस्पताल, जिला अस्पताल, बस स्टाप समेत आठ स्थान पर अलाव शुरू किए हैं। हालांकि अन्य स्थानों पर लोग अलाव ढूंढते नजर आए। पांच लाख से एक हजार क्विंटल लकड़ी का ठेका नगर पालिका ने कर दिया है। तहसीलों को कंबल व अलाव के लिए 22 लाख रुपये तय किए गए हैं।
मंगलवार सुबह कड़ाके की ठंड से जन जीवन अस्त व्यस्त रहा, लेकिन जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों को ठंड से बचाव के लिए सिर्फ एक ही कंबल मिला। तीमारदार संदीप का कहना है कि अस्पताल की ओर से एक ुराना कंबल मिला, जिससे ठंड का प्रकोप तनिक भी कम नहीं हुआ। वैभव कुमार ने बताया कि तीमार के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। मरीज के बेड के नीचे फर्श पर लेटकर रात काटनी पड़ती। अस्थायी रैन बसेरा बना है, लेकिन ताला लटकता रहता है। प्रमुख अधीक्षक डॉ. पीडी गुप्ता ने बताया कि तीमारदारों के लिए रात में रैन बसेरे का ताला खोल दिया जाता है।
कोहरे से पांच घंटे देरी से पहुंचीं 10 ट्रेनें
कोहरा के चलते 10 ट्रेनें पांच घंटे देरी से पहुंची। स्टेशन के बाहर परिसर में अलाव नहीं जलने की वजह से यात्री ठिठुरते नजर आए। गोरखपुर से वाया बस्ती होकर लखनऊ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस आधा घंटा विलंब, बलरामपुर होकर जाने वाली ऐशबाग इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन आधा घंटा विलंब, लोहित जंमूतवी सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन दो घंटा विलंब, अंतोदय एक्सप्रेस ट्रेन एक घंटा विलंब तथा जननायक एक्सप्रेस एक घंटा देरी से चली।
वैशाली सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन चार घंटा विलंब, ग्वालियर बरौनी मेल एक घंटा, छपरा सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन एक घंटा, भटिंडा से गोरखपुर के बीच चलने वाली गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन पांच घंटा, आम्रपाली एक्सप्रेस दो घंटा घंटा, गोररखपुर राप्तीसागर सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन दो घंटा, कुशीनगर एक्सप्रेस एक घंटा, अवध आसाम एक्सप्रेस ट्रेन चार घंटा, बाघ एक्सप्रेस ट्रेन दो घंटा, ओखा गोरखपुर एक्सप्रेस एक घंटा विलंब से चली।
ठंड से बचाव के लिए शहर के आठ स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की गई है। जल्द ही शहर अन्य स्थानों पर भी अलाव की व्यवस्था की जाएगी। संजय मिश्रा, अधिशाषी अभियंता, नगर पालिका गोंडा