गोंडा। होली पर्व को लेकर बाजारों की रौनक बढ़ गई है। हर तरफ सजी दुकानें लोगों को आकर्षित कर रही हैं। रविवार को छुट्टी होने के चलते बाजार में भीड़ बढ़ गई। खरीदारी करने वालों में अधिकांश महिलाएं शामिल रहीं।
नगर के पीपल महिला अस्पताल से गुड्डूमल चौराहा व पीपल चौराहा तक भीड़ नजर आई। पूरा चौक बाजार में दुकानों व ग्राहकों से गुलजार रहा। चूड़ी गली में भी महिलाएं मेकअप से संबंधित सामान खरीदतीं रहीं। कपड़े की दुकानों पर रोज की अपेक्षा रविवार को ज्यादा भीड़ रही। कोई बच्चों के लिए पिचकारी पसंद कर रहा था तो कोई चूड़ी खरीदने में व्यस्त दिखा।
चौक बाजार में ठेल से लेकर बड़ी-बड़ी दुकानों पर लोगों ने साड़ी, सलवार सूट, जींस, टीशर्ट, लहंगा, फ्रॉक सहित तमाम डिजाइन के कपड़ों को खरीदा। गुझिया, नमकीन, बिस्किट, मिठाई की दुकानों पर भी खरीदारी की गई।
बच्चों ने उड़ाए रंग, अबीर, गुलालकरनैलगंज (गोंडा)। होली की छुट्टी से पहले उड़ान फाउंडेशन के बच्चों ने जमकर होली खेली और एक दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर बधाई दी। नगर के गाड़ी बाजार बच्चों ने रंग खेलकर खूब धमाल मचाया तथा होली के गीत पर जमकर मस्ती की।
बच्चों को पिचकारी, रंग, अबीर गुलाल देकर मिष्ठान खिलाया गया। प्रबंधक सीमा यास्मीन, जावेद अहमद, जगजीत कौर, सबीहा यास्मीन, नाजिया यास्मीन, गगनदीप सिंह, रश्मी सिंहानिया, बलविंदर कौर, सुरैया तफसीर खान, सादिया, पुनीत सिंह शामिल रहे।