गोंडा के कलेक्ट्रेट में बैठक करते सीडीओ। -संवाद
- फोटो : GONDA
गोंडा। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कई अहम निर्णय हुए। मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार ने समिति के कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए हाईवे के अनाधिकृत मोड़ प्राथमिकता पर बंद कराए जाए। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी पूरी सख्ती कार्रवाई तय हो।
बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि पूर्व में चिह्नित ब्लैक स्पॉट पर लोक निर्माण विभाग एवं संबंधित सड़क निर्माण एजेंसी अपेक्षित सुधारात्मक कार्य कराएं। साथ ही सीडीओ ने निर्देश दिया कि हिट एंड रन एवं अन्य दुर्घटनाओं की जांच कराते हुए पीड़ित व्यक्तियों को तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए।
सीडीओ ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा अस्पताल तक पहुंचाने या मदद करने वाले को भी चिह्नित कर पांच हजार रुपया की सम्मान राशि प्रदान की जाए।
बैठक में समिति की सचिव सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रशासन बबिता वर्मा के साथ ही सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम सदर, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे ।