फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Gonda News: आगे की पढ़ाई संग लक्ष्य तय करेंगे हाईस्कूूल के मेधावी

Tue, 25 Apr 2023 11:53 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, गोंडा
विज्ञापन
विज्ञापन
गोंडा। हाईस्कूल के मेधावी आगे की पढ़ाई तय लक्ष्य के आधार पर करेंगे। उन्होंने हाईस्कूल में सफलता के साथ ही इसकी रणनीति बना ली है। मेधावियों का कहना है कि अपनी सफलता को आगे भी बनाए रखने के लिए पढ़ाई के लिए समय तय कर रखा है। विद्यालय जाने के साथ ही नियमित पढ़ाई के लिए चार से पांच घंटे तक अतिरिक्त पढ़ाई करेंगे।
विज्ञापन

मेधावी विद्यालय में पढ़ाई के समय नोट्स तैयार करने के साथ ही उसका रिवीजन सफलता में सबसे महत्वपूर्ण मानते हैं। हाईस्कूल के परिणाम में जिले की मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले मेधावी अब इंटर की पढ़ाई की तैयारी कर रहे हैं। जिससे वह आगे चलकर सिविल सर्विस, इंजीनियरिंग सेवा या चिकित्सा सेवा में जाने की तैयारी कर सकें। सफलता से परिजनों में भी उत्साह है, ऐसे में इन मेधावियों को उनकी उम्मीदों पर भी खरा उतरना है। रोजवुड इंटर कॉलेज के प्रबंधक अमित पांडेय और एम्स इंटर कॉलेज के अभय श्रीवास्तव कहते हैं कि हाईस्कूूल के छात्रों को इंटर में कड़ी मेहनत करनी है। उन्होंने कहा कि विद्यालय में सफलता के टिप्स बताए जाते हैं।
यूपी बोर्ड परीक्षा के परिणाम में हाईस्कूल की मेरिट लिस्ट में जिले में पहला स्थान पाने वाले सरस्वती विद्या मंदिर मालवीयनगर के रचित शुक्ल ने इंजीनियर बनने का लक्ष्य तय किया है। वह कहते हैं कि इसके लिए वह अब इंटर में मैथ से पढ़ाई करेंगे। बताया कि हाईस्कूल में सफलता के लिए उन्होंने स्कूल में पढ़ाई के साथ ही घर पर चार से पांच घंटे पढ़ाई की। वहीं, शिक्षकों से मार्गदर्शन लिया।
विज्ञापन

हाईस्कूल की परीक्षा में जिले में दूसरे स्थान पर रहीं तृप्ति मिश्रा गोंडा और बस्ती जिले की सीमा पर स्थित बभनान कस्बे की रहने वाली हैं। पिता रामकृष्ण मिश्र पंचायत मित्र व मां शीला मिश्रा गृहिणी हैं। तृप्ति डाॅक्टर बनकर समाजसेवा करना चाहती हैं। इसके लिए वह बायो से इंटर की पढ़ाई करेंगी।
सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज इटियाथोक की छात्रा प्रतिमा द्विवेदी जिले की मेरिट लिस्ट में तीसरे स्थान पर हैं। उनके पिता श्रवण कुमार द्विवेदी सहायता प्राप्त देहातीय लघु माध्यमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक हैं और मां पूनम द्विवेदी गृहिणी हैं। प्रतिमा ने कहा कि उन्होंने स्कूल के अलावा घर पर रहकर नियमित पढ़ाई की। कहीं कोचिंग का सहारा लेने की जरूरत नहीं पड़ी। माता-पिता के साथ ही स्कूल के शिक्षकों ने हौसला बढ़ाया जिससे उन्हें यह सफलता मिली। प्रतिमा आगे चलकर डाॅक्टर बनना चाहती हैं। इसके लिए वह नीट की तैयारी करेंगी।
जिले में चौथे स्थान पर शहर के रोजवुड इंटर कॉलेज की शैंडल मसूद हैं। उन्होंने कहा कि वह आगे चलकर डॉक्टर बनना चाहती हैं। वह बायो से इंटर की पढ़ाई करेंगी। उनके पिता फैज मसूद कटरा बाजार में एडीओ (आईएसबी) हैं। उनकी मां इशरत जहां गृहिणी हैं।
चौथे स्थान पर ही सरस्वती विद्या मंदिर मालवीयनगर के छात्र किशन मिश्र भी हैं। वह चिकित्सक बनना चाहते हैं। वह भी बायो से इंटर की पढ़ाई करेंगे। मेरिट में पांचवें स्थान पर शिवानी यादव हैं। वह बीपी नाथ बालिका इंटर कॉलेज खरगूपुर की छात्रा हैं। शिवानी कहती हैं कि सिविल सेवा में जाना चाहती हैं। अब वह इंटर में मैथ से पढ़ाई करेंगी। उनके पिता राजेंद्र कुमार निजी कार्य करते हैं और मां गृहिणी हैं।
श्री गुरुकुल मदन मोहन इंटर कॉलेज खरगूपुर की छात्रा कोमल शुक्ला ने हाईस्कूल परीक्षा में जिले में पांचवां स्थान हासिल किया है। वह इंटर की पढ़ाई बायो से करेंगी। इसके साथ ही नीट की तैयारी करेंगी। इस तरह हाईस्कूल के मेधावी भी सपनों को पूरा करने की तैयारी के साथ इंटर की पढ़ाई करने का दावा कर रहे हैं। उनका कहना है कि इंटर के बाद ही सपने पूरे करने की राह खुलेगी। इसलिए अभी उनका पूरा ध्यान इंटर की पढ़ाई पर है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें