गोंडा। उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र के अमदही गांव के एक मामले को लेकर दीवानी कचहरी परिसर में बुधवार की दोपहर एक अधिवक्ता और दरोगा के बीच तीखी झड़प हो गई। बातचीत के बीच दोनों में हाथापाई होने लगी। इस दौरान काफी संख्या में अधिवक्ताओं की भीड़ लग गई। कुछ अधिवक्ताओं ने समझा बुझाकर मामला शांत कराया।
उमरीबेगमगंज थाने में तैनात उपनिरीक्षक रवि यादव बुधवार की दोपहर में किसी काम से दीवानी कचहरी आए थे। वहीं उनकी मुलाकात उमरीबेगमगंज थाना क्षेत्र के अमदही गांव के रहने वाले अधिवक्ता पंकज सिंह से हुई तो गांव के ही मामले को लेकर दोनों में बातचीत के दौरान तीखी झड़प हो गई। विवाद के दौरान दोनों में हाथापाई होने लगी। शोर शराबा सुनकर काफी संख्या में अधिवक्ता एकत्र हो गए। विवाद बढ़ता देख कुछ अधिवक्ताओं ने मामला शांत कराया। अधिवक्ता पंकज सिंह ने बताया तीन अगस्त को पट्टीदार से विवाद हो गया था। विवाद के दौरान आरोपी ने तमंचा निकालकर उनके भाई को धमकाया था।
सूचना पर मौके पर उपनिरीक्षक रवि यादव पहुंचे और उनके दरवाजे पर आकर अभद्रता करने लगे। मना करने पर धमकी भी दी थी। आरोप है कि बुधवार को उपनिरीक्षक रवि यादव कचहरी आए थे, उनसे बात कर रहा था तभी वह हाइपर हो गए और जेल भेजने की धमकी देने लगे। उधर उपनिरीक्षक रवि यादव का कहना है कि वह कचहरी गए थे, मगर उनकी किसी अधिवक्ता से झड़प नहीं हुई है। (संवाद)