गोंडा। शासन ने भले ही नई तबादला नीति जारी कर लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे डॉक्टर व स्वास्थ्यकर्मियों को स्थानांतरित करने का फरमान सुनाया हो मगर जिले में इसका असर नहीं दिख रहा है। अधिकारियों के आदेश के बावजूद लंबे समय से डटे स्वास्थ्यकर्मी कुर्सी छोड़ने को तैयार नहीं हैं।
शासन के निर्देश पर सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने विगत 16 जून को 11 बीसीपीएम (ब्लॉक कम्युनिटी प्रोसेस मैनेजर) को दूसरे ब्लॉकों में स्थानांतरित कर दिया था। तीन साल से अधिक समय पर एक ही स्थान पर जमे वीरेंद्र चौधरी को बेलसर से तरबगंज, रामनाथ सामंत को नवाबगंज से वजीरगंज, महेंद्र को वजीरगंज से नवाबगंज, चंचलराम को मनकापुर से छपिया, अनिल को छपिया से मनकापुर, सुरेंद्र यादव को करनैलगंज से परसपुर, किरन गुप्ता को पड़री कृपाल से काजीदेवर, संतोष श्रीवास्तव को काजीदेवर से पंडरीकृपाल स्थानांतरण कर दिया गया। मगर अभी तक किसी ने नवीन तैनाती पर कार्यभार ग्रहण नहीं किया।