रुपईडीह (गोंडा)। तेलियाकोट गांव में तेज बुखार व खसरा से एक दर्जन से अधिक बच्चे बीमार थे। अमर उजाला ने मंगलवार को ‘तेलियाकोट में तेज बुखार व खसरा से 12 बच्चे बीमार’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया। जिसको जिलाधिकारी ने संज्ञान में लेते हुए बीडीओ एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके पर पहुंचकर जांच कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में 30 परिवारों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जिसमें 14 लोगों में खसरा के लक्षण दिखे।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के ग्राम पंचायत तेलिया कोट मोफिया में एक दर्जन से अधिक बच्चों को तेज बुखार एवं चेचक की शिकायत थी। गांव वालों ने सूचना दी थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर जिलाधिकारी ने संज्ञान में लेते हुए बीडीओ वर्षा सिंह एवं अधीक्षक डॉ. अजय कुमार यादव को गांव में जाकर जांच कर शाम तक रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में पहुंचकर घर-घर जाकर 30 घरों में सैकड़ों लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। जिसमें 14 लोगों में चिकनपॉक्स के लक्षण पाए गए।
कर्मचारियों ने सभी को विटामिन की एक ही दवा देते हुए साफ-सफाई रखने एवं धूप में न निकलने की सलाह दी। टीम में डॉ. शिवकुमार, डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव, फार्मासिस्ट वारिस अली, आलोक पाठक, तरुन श्रीवास्तव, एडीओ (आईएसबी) आजम खान, प्रधान प्रतिनिधि दुल्लर मौर्य शामिल रहे।
मंगलनगर में भी खसरा ने दी दस्तक
विकासखंड के ग्राम पंचायत मंगलनगर के पूर्व प्रधान शिवराज पाठक के घर आयुष (5) सहित कुछ बच्चे बीमार चल रहे हैं। खसरा का लक्षण दिखने पर इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को दी। डॉ. शिव कुमार ने पहुंचकर बच्चे का ब्लड सैंपल लिया। उन्होंने पुष्टि करते हुए कहा कि बच्चों में संभावित मिजिल्स को देखते हुए बच्चे का ब्लड सैंपलिग कराया गया है। रिपोर्ट आने पर सही बीमारी का पता चल सकेगा।