गोंडा। बरसात के बाद फैलने वाले संचारी रोगों से बचाव के लिए एक अक्तूबर से विशेष अभियान शुरू होगा। एक माह तक चलने वाले इस अभियान के दौरान आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में घरों पर दस्तक देकर लोगों को संक्रामक रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करेंगे। इस दौरान संचालित सर्वे के माध्यम से संक्रामक रोगों से पीड़ित मरीजों से जुड़ी एक रिपोर्ट भी तैयार कर सीएमओ को सौंपी जाएगी। यह जानकारी सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने दी।
उन्होंने बताया कि जिले में कार्यरत करीब पांच हजार आशा व आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को इस सर्वे व दस्तक अभियान में जुटाया जाएगा। स्वास्थ्य कर्मियों की टीमें घर-घर दस्तक देकर संक्रामक रोगों से बचाव के साथ ही लोगों को साफ-सफाई बनाए रखने के बारे में भी जागरूक करेगी। इस अभियान में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा, उच्च शिक्षा, ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, कृषि एवं सिंचाई तथा पशुपालन विभाग सहित 11 विभागों के कर्मी हिस्सेदारी करेंगे। इसके माध्यम से जापानी इंसेफ्लाइटिस (जेई) व एक्यूट इंसेफ्लाइटिस सिंड्रोम (एईएस) से जुड़े संक्रमण को भी प्रभावी तरह से रोकने में मदद मिलेगी।