गोंडा। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के एक ट्वीट से जिले के डॉक्टरों में हड़कंप मच गया है। उन्होंने ट्वीटर पर जिले के दो डॉक्टरों को बर्खास्त करने की बात लिखी है लेकिन जिले के आला अधिकारियों को नहीं पता कि किन दो डॉक्टरों पर कार्रवाई की गई है। शुक्रवार शाम 3. 32 बजे पर ब्रजेश पाठक के ट्वीटरहैंडल पर लिखा गया कि जनपद गोंडा में दो चिकित्साधिकारियों को अनाधिकृत रूप से शासकीय ड्यूटी से लगातार अनुपस्थित रहने का संज्ञान लेते हुए मेरे द्वारा उक्त चिकित्सक को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है।
जनमानस की सेवा करने का दायित्व मिलना सौभाग्य है। डिप्टी सीएम का ट्वीट आने के बाद से स्वास्थ्य महकमे में खलबली मच गई। हर कोई जानने के लिए उत्सुक रहा कि किस डॉक्टर पर कार्रवाई का हंटर चला है, लेकिन इसकी जानकारी विभाग के आला अधिकारियों तक भी न थी। सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा ने कहा कि उन्हें इस संदर्भ में कोई जानकारी नहीं मिली है। अपर निदेशक डॉ. एचडी अग्रवाल ने बताया कि अभी तक कोई लिखित सूचना नहीं मिली है। डिप्टी सीएम के कार्यालय पर फोन करके पता किया जाएगा।