गोंडा। मरीजों को आशा बहुओं के सहयोग से निजी अस्पताल भेजने वाले सरकारी डॉक्टरों को चिन्हित किया जाएगा। सीडीओ ने मुख्य चिकित्साधिकारी को ऐसे डॉक्टरों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया है।
अमर उजाला में बृहस्पतिवार को प्रकाशित खबर ‘महिला अस्पताल में फिर कम हुए 396 प्रसव’ का संज्ञान लेते हुए सीडीओ एम. अरुन्मोली ने सीएमओ डॉ. रश्मि वर्मा से ऐसे डॉक्टरों को चिह्रित करने का निर्देश दिया है। सीडीओ ने कहा कि मरीजों को बहला-फुसलाकर निजी नर्सिंगहोम में भेजने वाले डॉक्टरों को ऐसा न करने की अंतिम चेतावनी दी जाए। सुधार न होने पर उनके खिलाफ कठोर कदम उठाते हुए प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। जो भी नियमित डॉक्टर बाहर प्रैक्टिस करते हैं, उनको सूचीबद्ध किया जाए।
महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. सुषमा सिन्हा ने बताया कि ऐसे चिकित्सकों की निगरानी की जा रही है। डॉक्टरों के एजेंट व आशा बहुओं को बिना मरीज साथ लाए अस्पताल में प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।